मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागार में निर्माण विभाग से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
हर घर जल योजना जून तक पूर्ण करने के निर्देश-
कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि हर घर जल योजना के अंतर्गत संचालित सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर जून माह तक शत-प्रतिशत पंचायतों को हैंडओवर किए जाएं। इसके लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
विद्युत विभाग को कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के आदेश-विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि गर्मी एवं आगामी वर्षा काल को देखते हुए कंट्रोल रूम हमेशा सक्रिय रखा जाए। साथ ही 33 केवी केंद्र, केवी लाइन, सब स्टेशन एवं नए ट्रांसफार्मर स्थापना कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए।
जल निगम एवं जल संसाधन विभाग की हुई समीक्षा-
बैठक में जल निगम के कार्यों की फेसवार समीक्षा करते हुए डब्ल्यूटीपी, इंटकवेल, सप्लाई लाइन, पाइपलाइन एवं हाउस सर्विस कनेक्शन की प्रगति की जानकारी ली गई। जल संसाधन विभाग को सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति प्रतिदिन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम स्तर पर जल उपभोक्ता समितियों के गठन एवं संचालन हेतु संबंधित जनपद सीईओ को प्रभारी बनाया जाएगा।
अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा-
बैठक में लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, जल संसाधन विभाग, ब्रिज, आरईएस तथा योजना एवं सांख्यिकी विभाग के निर्माण कार्यों, सांसद एवं विधायक निधि से संबंधित कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।