उज्जैन। सांसद अनिल फिरोजिया गुरुवार को शहर के लंगर पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां उन्होंने पेट्रोल भरवाने आए लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का हवाला देते हुए पेट्रोल-डीजल का उपयोग केवल आवश्यकता पड़ने पर ही करने की सलाह दी। इस दौरान सांसद खुद ई-बाइक से पेट्रोल पंप पहुंचे और लोगों को ईंधन बचत और वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग का संदेश दिया।
लोगों से ई-व्हीकल के उपयोग की अपील की
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील के बाद सांसद अनिल फिरोजिया भी देवास रोड स्थित पेट्रोल पंप पर ई-बाइक से पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं भी ई-व्हीकल का उपयोग शुरू कर दिया है और शाम के समय साइकिल से भ्रमण कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि आसपास कहीं जाना हो तो ई-व्हीकल या साइकिल का उपयोग करना चाहिए। यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सांसद ने लोगों से यह अपील भी की कि घूमने के लिए विदेश जाने के बजाय भारत के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता दें।
अनिल फिरोजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने, एक वर्ष तक सोना खरीदने से बचने और विदेश यात्राएं कम करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और सोने का आयात डॉलर में होता है। यदि देशवासी इनकी खपत कम करेंगे तो विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बनेगा।
साइकिल से कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे संत
इधर, उज्जैन में 2028 सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने संत समाज साइकिल से पहुंचा। इस दौरान संतों ने पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और सादगी का संदेश भी दिया।
रणमुक्तेश्वर गादीपति महंत महावीर नाथ जी महाराज साइकिल चलाकर भैरवगढ़ क्षेत्र के घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे, जबकि उनके अनुयायी पीछे ई-रिक्शा में चलते नजर आए। संत समाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर दिए गए संदेश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा अपने काफिले को छोटा किए जाने से उन्हें प्रेरणा मिली है।
महंत महावीर नाथ जी महाराज ने बताया कि इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए संत समाज ने निर्णय लिया है कि आगामी एक वर्ष तक सिंहस्थ से जुड़े विकास कार्यों का निरीक्षण साइकिल से ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य ईंधन की बचत करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और आमजन तक सकारात्मक संदेश पहुंचाना है।
संतों ने उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहर को व्यवस्थित और सुंदर स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को उज्जैन का नया रूप देखने को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी सिंहस्थ और महाकुंभ भव्य और ऐतिहासिक रूप में आयोजित होगा, जिसके लिए प्रशासन और सरकार तेजी से काम कर रहे हैं।