उज्जैन। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड घटिया जिला उज्जैन के घटिया सेक्टर अंतर्गत ग्राम रलायता हेवत में जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वितीय चरण के तहत प्राचीन बावड़ी में प्रस्फुटन समिति एवं ग्रामवासियों के सहयोग से श्रमदान किया गया।
बावड़ी की सफाई और गहरीकरण हेतु किया गया श्रमदान-
इस अवसर पर ग्रामीणों ने जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं गहरीकरण का कार्य किया, जिससे जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी। ग्राम बैठक को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक जय दीक्षित ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल स्रोतों की सफाई एवं गहरीकरण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि भू-जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। उन्होंने बताया कि हम जितना जल पृथ्वी से निकाल रहे हैं, उतना वापस नहीं डाल रहे, जिसके कारण जल संकट की स्थिति गंभीर होती जा रही है।
जनभागीदारी से सुरक्षित होगा भविष्य-
उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान एक ऐसा प्रयास है जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित कर भविष्य को सुरक्षित किया जा सकता है।
अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति-
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक मोहन सिंह परिहार, परामर्शदाता अजय मालवीय, एमएसडब्ल्यू छात्र गणेश मालवीय, बीएसडब्ल्यू छात्र हितेश मालवीय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।