उज्जैन। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रेयांस कूमट द्वारा जिला पंचायत सभागृह में छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ ने स्कूल शिक्षा विभाग एवं आदिमजाति कल्याण विभाग के बीच समन्वय की कमी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि दोनों विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करें तथा विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ सुनिश्चित करें।
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश-
सीईओ कूमट ने अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा को भी आदिमजाति कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी समीक्षा बैठक 15 दिवस बाद आयोजित की जाएगी और तब तक किसी भी प्रकार की पेंडेंसी शेष नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में अधिकारी रहे उपस्थित-
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, एडीपीसी, जिला संयोजक आदिमजाति कल्याण विभाग, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा, समस्त बीईओ, संकुल प्राचार्य एवं कॉलेज प्राचार्य उपस्थित रहे।