मुरैना। शहर में नगर निगम की बदहाल व्यवस्थाओं, बढ़ती गंदगी और कथित भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस पार्टी का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। महादेव नाका स्टेशन रोड से शुरू हुई कांग्रेस की आक्रोश रैली नगर निगम कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए निगम प्रशासन और महापौर के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ शहर भर से एकत्रित कचरा लेकर नगर निगम कार्यालय परिसर पहुंचे और उसे वहीं फेंक दिया। इसके साथ ही नगर निगम की “नाकाम व्यवस्था” के विरोध में मटके फोड़कर अपना आक्रोश व्यक्त किया गया। पूरे परिसर में “भ्रष्ट महापौर मुर्दाबाद”, “जनता परेशान दृ निगम बेखबर” और “भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुरैना शहर की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। शहर की कई सड़कें जर्जर हालत में हैं, नालों की सफाई न होने से गंदगी फैली हुई है, सीवर लाइनें जगह-जगह जाम पड़ी हैं, स्ट्रीट लाइटें बंद हैं और कई इलाकों में लोग गंदे व दूषित पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रहा है।
नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम में विकास कार्यों के नाम पर भारी कमीशनखोरी हो रही है और आम जनता की परेशानियों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि जनता टैक्स तो दे रही है, लेकिन बदले में सुविधाओं के नाम पर सिर्फ समस्याएं मिल रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहर की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी और जनता के साथ मिलकर नगर निगम का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शहर की सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
इस अवसर पर विधायक दिनेश गुर्जर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्र जाटव, ग्रामीण अध्यक्ष मधुराज तोमर, नीटू सिकरवार, रामलखन दंडोतिया, नेता प्रतिपक्ष विनीत कंसाना, दिनेश चंद्र गोयल, दीपक शर्मा, रामू तोमर, मानवेंद्र गांधी, राजेश राठौर, जितेंद्र दंगस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।