नीमच। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पंचायत सभागृह नीमच में दावा-आपत्ति निराकरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीमच, जावद एवं मनासा ब्लॉक की उन महिला अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने भर्ती प्रक्रिया को लेकर दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की थीं।
बैठक सुबह 11 बजे जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव की उपस्थिति में प्रारंभ हुई। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत आपत्तियों एवं दावों पर विस्तारपूर्वक सुनवाई की। समिति द्वारा प्रत्येक प्रकरण की अलग-अलग जांच करते हुए संबंधित अभ्यर्थियों से मूल दस्तावेजों का परीक्षण किया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नियमसम्मत बनाए रखने के लिए सभी दावों और आपत्तियों की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है। अभ्यर्थियों को पूर्व सूचना देकर आवश्यक दस्तावेजों सहित बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए थे, जिससे प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सके।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक एवं संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे। शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई इस सुनवाई प्रक्रिया में बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
अधिकारियों के अनुसार दावा-आपत्ति निराकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विभाग द्वारा शीघ्र ही अंतिम चयन सूची जारी किए जाने की संभावना है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभाग की इस पहल को अभ्यर्थियों द्वारा सकारात्मक कदम माना जा रहा है।