उज्जैन। मध्यप्रदेश सरकार ने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती हेतु तैयार करने के उद्देश्य से “अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” प्रारंभ की है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रतिभावान लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, राज्य पुलिस, होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में सफलतापूर्वक चयन प्राप्त कर सकें।
योजना के अंतर्गत शारीरिक प्रशिक्षण, सैद्धांतिक प्रशिक्षण (लिखित परीक्षा, सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, रीजनिंग आदि), तथा राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं कर्तव्यबोध का विकास कराया जाएगा। साथ ही न्यूनतम या निशुल्क लागत पर प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी।
शुक्रवार को शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में योजना के तहत चयनित अभ्यर्थी उज्जैन की माकड़ौन तहसील निवासी सिमरन मंसूरी ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। पिता के निधन के बाद उनकी माता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं।
सिमरन ने कहा कि वे सुरक्षा बल में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहती हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति और मार्गदर्शन की कमी के कारण तैयारी में कठिनाई हो रही थी। योजना के माध्यम से अब उन्हें अपने सपने को पूरा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के इच्छुक युवा इस योजना का लाभ लेने के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट एवं जिला अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।