मंदसौर। केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन द्वारा आयोजित हड़ताल के दौरान जिला चिकित्सालय मंदसौर में मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई।
सिविल सर्जन डॉ. रावत ने बताया कि अस्पताल के ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर को प्रातः 9 बजे से रात्रि 8 बजे तक लगातार संचालित किया गया। साथ ही आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे सुचारु रूप से जारी रहीं।
हड़ताल के चलते जिले के कई निजी मेडिकल स्टोर बंद रहे, लेकिन जिला अस्पताल के दवा वितरण केंद्र पर मरीजों को आवश्यक दवाएं लगातार उपलब्ध कराई गईं।
अस्पताल प्रशासन ने विशेष मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया कि किसी भी मरीज को दवाइयों के अभाव में परेशानी न हो। कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ सेवाएं देते हुए दवाओं का समय पर वितरण किया।
प्रशासन ने कहा कि जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाएं एवं दवा वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है और मरीजों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है।