उज्जैन। काल भैरव मंदिर में सावन के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मुंबई के दो दानदाताओं ने मंदिर समिति को ₹10 लाख कीमत के बैरिकेड्स दान किए हैं। बैरिकेड्स की पहली खेप रविवार को उज्जैन पहुंची। रात में विधि-विधान से पूजन के बाद इन्हें मंदिर समिति को सौंप दिया गया।
मुंबई निवासी मनीष पांचाल और समीर पांचाल ने नकद राशि देने के बजाय सीधे ₹10 लाख की लागत से बैरिकेड्स तैयार करवाकर मंदिर समिति को भेंट किए हैं। इन बैरिकेड्स का उपयोग सावन में श्रद्धालुओं की कतारों और भीड़ प्रबंधन के लिए किया जाएगा, जिससे दर्शन व्यवस्था अधिक सुगम हो सके।
बैरिकेड्स सौंपने की प्रक्रिया एसडीएम एलएन गर्ग, पटवारी महेश देपन, मंदिर प्रबंधक संध्या मारकंडे और व्यवस्थापक अनिल बोरासी की मौजूदगी में पूरी हुई।
अभी 100 बैरिकेड्स पहुंचे, 200 और आएंगे
एसडीएम एलएन गर्ग ने बताया कि फिलहाल 100 बैरिकेड्स मंदिर पहुंच चुके हैं। करीब 200 बैरिकेड्स की दूसरी खेप अगले 15 दिनों में मंदिर पहुंच जाएगी। इनके लगने से सावन में लाखों श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन बेहतर हो सकेगा।