सनावद। नाभावंशी फूल माली समाज बांगड़दा मंडल की बैठक माली समाज धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर मालाकार ने की। इस अवसर पर फूल माली समाज सनावद के अध्यक्ष ओमप्रकाश मालाकार एवं समिति के पदाधिकारियों ने 17 गांवों से आए अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों का मंगल तिलक और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
बैठक में वरिष्ठ समाजजनों की सर्वसम्मति से टीएल मालाकार को बांगड़दा मंडल का नया मंडल अध्यक्ष मनोनीत किया गया। अध्यक्ष बनने के बाद टीएल मालाकार ने अपनी 11 सदस्यीय मंडल कार्यकारिणी का भी गठन किया।
समाज के रामेश्वर फूलकर ने कहा कि आर्थिक रूप से पिछड़े समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए संगठन स्तर पर शिक्षा, सामाजिक उत्थान और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी लोगों से संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति रही।