नीमच। महिला एवं बाल विकास विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चों से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए हैं। प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले इस पुरस्कार के अंतर्गत साहस, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित छह श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का चयन किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए पात्रता के अनुसार 31 जुलाई 2026 तक बच्चे की आयु 18 वर्ष से कम होना आवश्यक है। साथ ही संबंधित क्षेत्र में उसकी उल्लेखनीय उपलब्धि होना अनिवार्य है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों एवं बाल देखरेख संस्थाओं से ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर अधिक से अधिक नामांकन कराने की अपील की है।
सभी नामांकन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे। इच्छुक एवं पात्र बच्चे अथवा उनके अभिभावक निर्धारित समय-सीमा के भीतर पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
विभाग ने बताया कि पात्र बच्चों के नामांकन के साथ संबंधित कार्रवाई की जानकारी भी समय-सीमा में संचालनालय को भेजी जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।