मनासा। क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा नहीं होने से किसान चिंतित हैं। खेतों में खड़ी फसलें बारिश की प्रतीक्षा कर रही हैं और किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं। ऐसे में अच्छी वर्षा की कामना को लेकर ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया है।
मनासा क्षेत्र के ग्राम भाटखेड़ी में ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए घास भेरू पूजन एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया। शोभायात्रा पूरे गांव में भ्रमण करते हुए निकाली गई, जिसमें महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने धार्मिक जयघोषों के साथ भगवान इंद्र से समय पर अच्छी वर्षा, किसानों की खुशहाली और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
ग्रामीणों ने बताया कि लोक परंपराओं के अनुसार जब लंबे समय तक पर्याप्त वर्षा नहीं होती, तब भगवान इंद्र को प्रसन्न करने के लिए घास भेरू पूजन जैसे धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। मान्यता है कि सामूहिक श्रद्धा, पूजा-अर्चना और प्रार्थना से इंद्रदेव प्रसन्न होकर अच्छी वर्षा का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
ग्रामीणों ने इस अवसर पर क्षेत्र में भरपूर वर्षा, अच्छी फसल और जनकल्याण की मंगलकामना की। गांव में निकली घास भेरू पूजन शोभायात्रा श्रद्धा, आस्था और लोक संस्कृति का अनुपम संगम बनी रही तथा पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।