माउंट आबू। भारत निर्वाचन आयोग एवं राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे मतदान जागरूकता अभियान के तहत माउंट आबू स्थित सेंट जोसेफ हाई स्कूल में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को मतदान जागरूकता की शपथ दिलाई गई। साथ ही चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने ष्हमारे लिए मतदान क्यों जरूरी हैष् विषय पर अपने विचार चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किए, जबकि निबंध प्रतियोगिता में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदान की भूमिका पर अपने संकल्प व्यक्त किए।
विद्यालय की प्रबंध निदेशक खुर्शीद कॉन्ट्रैक्टर ने विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक रहने और भविष्य में प्रत्येक चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे भारत के जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतंत्र में अपनी अटूट आस्था बनाए रखेंगे, प्रत्येक चुनाव में निर्भीक होकर मतदान करेंगे तथा धर्म, जाति, नस्ल या किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। साथ ही वे स्वयं भी मतदान करेंगे और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।