उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सिंहस्थ महापर्व 2028 के अंतर्गत अधोसंरचना विकास कार्यों को गति दी जा रही है। निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा और निरीक्षण के तहत शनिवार को संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह तथा कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क निर्माण कार्य, भीड़ प्रबंधन के लिए बनाए जा रहे अंडरपास तथा अन्य कनेक्टिंग मार्गों की प्रगति का जायजा लिया।
यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर-
संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ महापर्व के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और प्रभावी यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मार्गों को जोड़ने वाले अंडरपास और कनेक्टिंग सड़कों की समुचित एवं समन्वित योजना सभी संबंधित विभागों द्वारा मिलकर तैयार की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी-
निरीक्षण के दौरान तपोभूमि से हामूखेड़ी तक 4.5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना का भी अवलोकन किया गया। संभागायुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करते हुए निर्देश दिए कि साइट पर इंजीनियरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा कार्य प्रगति की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से समय-समय पर साझा की जाए। इसके बाद उन्होंने इंदौर रोड स्थित यूनिटी मॉल के समीप निर्माणाधीन एमआर-24 सड़क का भी निरीक्षण किया और कार्य की जानकारी ली।
अंडरपास निर्माण व पार्किंग व्यवस्था पर निर्देश-
हरीफाटक ओवरब्रिज के समीप निर्माणाधीन अंडरपास कार्य के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए वाकणकर ब्रिज, इंदौर रोड एवं यंत्रमहल मार्ग की कनेक्टिविटी की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अंडरपास के माध्यम से यातायात पूरी तरह व्यवस्थित और सुगम बनाया जाए तथा संबंधित विभाग अन्य विभागों के साथ समन्वय कर विस्तृत योजना तैयार करें। इसके साथ ही उन्होंने हरीफाटक पार्किंग क्षेत्र में स्थान उपलब्ध होने पर मैकेनिकल पार्किंग की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।