नीमच। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी भवन से भारत माता चौराहा तक विजय मार्च निकालकर इसे छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, पटाखे फोड़कर जश्न मनाया तथा कथित नीट परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित छात्रों की स्मृति में मोमबत्तियां जलाकर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की।
विजय मार्च की शुरुआत गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से हुई, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-युवा रैली के रूप में भारत माता चौराहे के लिए रवाना हुए। विजय टॉकीज चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर इसे छात्र शक्ति की जीत बताया। भारत माता चौराहे पर कैंडल जलाकर प्रभावित छात्रों को श्रद्धांजलि दी गई।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि यह केवल एक केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के आत्मसम्मान एवं लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में हुई अनियमितताओं के विरोध में देशभर के छात्रों ने सड़क से लेकर जंतर-मंतर तक आंदोलन किया, जिसके दबाव में केंद्र सरकार को यह निर्णय लेना पड़ा।
उन्होंने कहा कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके। विजय मार्च में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।