चित्तौड़गढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए जिला क्लब संस्थान, चित्तौड़गढ़ की अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार प्रातः जिला क्लब परिसर में आयोजित विशेष पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागिता कर पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करने की हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घर, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिकाधिक पौधे लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करें, ताकि हरित एवं स्वच्छ चित्तौड़गढ़ के निर्माण का सपना साकार हो सके।
इस अवसर पर जिला क्लब संस्थान के उपाध्यक्ष भरत माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।