मनासा। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सुवासरा बुजुर्ग में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। मृतक की पहचान विजय गुर्जर (20) पिता मोतीलाल गुर्जर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय गुर्जर अपने परिजनों के साथ खेत में फसल में खाद डालने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उसके ऊपर आ गिरी। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीण तत्काल उसकी सहायता के लिए पहुंचे, लेकिन उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर कुकड़ेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। ग्रामीणों ने वर्षाकाल के दौरान खेतों में कार्य करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।