मंदसौर। जिले के भानपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम लोटखेड़ी में एक मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात व्यक्ति नवजात शिशु को एक घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार 23 जुलाई 2026 को ग्राम लोटखेड़ी निवासी राकेश मेघवाल के घर के बाहर एक नवजात बालक मिला। राकेश मेघवाल ने तत्काल इसकी सूचना भानपुरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को उपचार के लिए भानपुरा सिविल अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद बेहतर देखभाल के लिए उसे मंदसौर जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू में रेफर किया गया। यहां एसएनसीयू में पदस्थ चिकित्सक डॉ. पार्थ जोशी ने नवजात का परीक्षण किया।
चिकित्सकों के अनुसार नवजात बालक पूरी तरह स्वस्थ है। उसका वजन 2.69 किलोग्राम पाया गया है, जबकि उसकी उम्र लगभग 2 से 3 दिन बताई जा रही है।
एसएनसीयू प्रभारी डॉ. अरविंद वर्मा ने मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी है। वहीं पुलिस द्वारा नवजात को छोड़ने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी गई है।