प्रतापगढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में संजीवनी सेवा संस्थान ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए दीपेश्वर तालाब स्थित मुक्ति धाम परिसर में 51 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण किया। संस्थान के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया और आमजन से अधिकाधिक वृक्ष लगाने की अपील की।
संस्थान के सचिव अमर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राचीन श्री भैरवनाथ एवं मसान वाली महाकालिका माता मंदिर परिसर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से रातरानी, चंपा, गुड़हल, कनेर, गेंदा, हजारा, नीम, पीपल, शीशम, गूलर, अशोक, गुलमोहर सहित फलदार, फूलदार एवं छायादार कुल 51 पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर अमर सिंह ने कहा कि मुक्ति धाम केवल मोक्ष का स्थल नहीं, बल्कि प्रकृति और जीवन चक्र का प्रतीक है। यहां की हरियाली आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, एक पेड़ सौ पुत्रों के समान होता है। हमने 51 पौधों के साथ इस अभियान की शुरुआत की है, लेकिन हमारा लक्ष्य पूरे प्रतापगढ़ को हराभरा बनाना है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल पुत्रवत करनी चाहिए।
उन्होंने आमजन से वर्षा ऋतु का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान से जुड़ने का आह्वान किया। संस्थान के सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें विशाल वृक्ष बनने तक संरक्षित रखेंगे।
कार्यक्रम में संजीवनी सेवा संस्थान के फील्ड अधिकारी दिलीप सिंह देवड़ा एवं नर्सरी इंचार्ज भंवर मालवीय ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस पुनीत पहल की स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय प्रयास बताया।