दतिया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज शुक्रवार को नगर परिषद इंदरगढ़ परिसर में जनकल्याण शिविर एवं उद्यम संवाद का आयोजन किया गया। शिविर में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सहभागिता करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 160 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों द्वारा अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
मंत्री कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में 7 अगस्त से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जन-जन के द्वार तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का गंभीरता से समाधान करना तथा व्यापक स्तर पर जनसंवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।