नीमच। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में शुक्रवार शाम नीमच में कांग्रेस द्वारा पैदल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मार्च में शामिल हुए।
पैदल मार्च फव्वारा चौक स्थित महर्षि वाल्मीकि प्रतिमा स्थल से शुरू हुआ। यहां कांग्रेसजनों ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल पहुंचा, जहां कांग्रेस नेताओं एवं दलित समाज के प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने कहा कि किसी जनसभा स्थल का गंगाजल से कथित ‘शुद्धिकरण’ किया जाना केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, दलित सम्मान और संविधान की मूल भावना का अपमान है। उन्होंने कहा कि देश संविधान के सिद्धांतों से चलता है और समाज में समानता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि दलित समाज के सम्मान और सामाजिक समरसता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस हमेशा आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समानता और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए सामाजिक समानता और भाईचारे का संदेश दिया। हाथों में पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम के समापन के साथ कांग्रेस ने दलित सम्मान, संविधान और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प दोहराया।