नई दिल्ली। देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13वीं बार तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और 21 तोपों की सलामी दी गई। इसके बाद प्रधानमंत्री ने लाल किले से देश को संबोधित करना शुरू किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार लाल किले पर पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। वहीं, 2,500 एनसीसी कैडेट्स और माय भारत के वॉलंटियर्स ने ज्ञानपथ पर ‘वंदे मातरम्’ की आकृति बनाकर देशभक्ति का संदेश दिया।
समारोह से पहले प्रधानमंत्री ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। लाल किले पर आयोजित मुख्य समारोह को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 5,000 विशेष अतिथियों के शामिल होने की जानकारी है। लाल किले से प्रधानमंत्री का संबोधन जारी है, जिसमें वे देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देने के साथ सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर अपनी बात रख रहे हैं।