चित्तौड़गढ़। जिले में स्थित सैनिक स्कूल में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। स्कूल के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया मुख्य अतिथि एवं उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
अतिथियों के परेड ग्राउंड पहुंचने पर स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने स्कूल परिसर स्थित स्मृतिका पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। स्कूल की आर्मी, नेवी एवं एयरफोर्स विंग की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। समारोह के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
कैडेट्स को राष्ट्रसेवा के लिए किया प्रेरित-
मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि देश की संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कैडेट्स से अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्रहित में अपना सर्वाेच्च योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कैडेट्स को देशसेवा के लिए निरंतर प्रेरित किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान-
समारोह के दौरान स्कूल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अन्य कर्मियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में गणित के वरिष्ठ अध्यापक मनीष जैन, छात्रावास अधीक्षक कृष्ण मौण, राजकुमार गोयल, मैस मैनेजर राजपाल सिंह यादव, हवलदार संदीप कुमार तथा सामान्य कर्मचारी गोविंद लाल, संतोष चाष्टा, संतोष कुमार, प्रेम सिंह एवं राकेश नायक शामिल रहे।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि समारोह में स्कूल परिवार के सदस्यों एवं कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देशसेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।