नीमच। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत नीमच जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए हरिद्वार-ऋषिकेश तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा 16 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी। इस यात्रा के लिए जिले से 156 यात्रियों का चयन किया जाएगा।
यात्रा के लिए 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक तथा महिलाओं के लिए 58 वर्ष से अधिक आयु के आवेदक पात्र होंगे। निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर यात्रियों का चयन कम्प्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
9 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन-
इच्छुक पात्र आवेदक 9 सितंबर 2026 तक अपने आवेदन निकटतम तहसील, स्थानीय निकाय अथवा जनपद कार्यालय में जमा कर सकते हैं। चयनित यात्रियों को यात्रा के दौरान मूल आधार कार्ड या वोटर कार्ड एवं दो फोटो साथ रखना अनिवार्य होगा।
विशेष ट्रेन से होगी तीर्थ यात्रा-
यात्रियों को विशेष ट्रेन से निर्धारित प्रस्थान स्टेशन से तीर्थ स्थल तक ले जाया जाएगा और वापस लाया जाएगा। यात्रा के दौरान भोजन, नाश्ता, ठहरने एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन सहित अन्य व्यवस्थाएं आइआरसीटीसी के निर्धारित पैकेज के अनुसार की जाएंगी।
यात्रियों को मौसम के अनुसार आवश्यक वस्त्र, ऊनी कपड़े, दवाइयां, व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री, कंबल, चादर, तौलिया, साबुन आदि साथ लाने की सलाह दी गई है। पात्र वरिष्ठ नागरिक निर्धारित समयावधि में अपने आवेदन संबंधित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं।