झाबुआ। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से होटल एवं रेस्टोरेंट का सतत निरीक्षण किया जा रहा है, इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा थांदला स्थित ओम होटल एवं रेस्टोरेंट तथा होटल अनमोल का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों के किचन एवं खाद्य निर्माण तथा भंडारण परिसर की जांच की गई जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की अनुसूची-4 (Schedule-4) से संबंधित प्रावधानों का समुचित पालन नहीं पाया गया इस संबंध में दोनों प्रतिष्ठानों को सुधारात्मक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए दोनों प्रतिष्ठानों से पनीर के कुल दो नमूने लिए गए, नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत आवश्यकतानुसार नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार जिले के होटल एवं रेस्टोरेंट में उपयोग किए जा रहे बटर, पनीर एवं घी की गुणवत्ता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की लगातार जांच की जा रही है। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार की निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेलसिंह मोरी एवं राहुल सिंह अलावा उपस्थित रहे।