उज्जैन। बॉलीवुड फिल्म लेडीज वर्सेस रिकी बहल की तर्ज पर महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को माधव नगर पुलिस ने राजस्थान के पाली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पाली निवासी मनीष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उज्जैन की एक महिला से करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपये की ठगी की।
जानकारी के अनुसार, मनीष कथित तौर पर अकेली और पारिवारिक विवाद से परेशान महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। वह अलग-अलग नाम और पहचान का इस्तेमाल कर महिलाओं से नजदीकी बढ़ाता और खुद को उनका हमदर्द बताकर प्रेम जाल में फंसाता था। इसके बाद विश्वास हासिल कर उनसे बड़ी रकम ऐंठने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग शहरों में किराए का मकान लेकर रहता था और महंगे कपड़े, जूते तथा लग्जरी लाइफस्टाइल के जरिए महिलाओं को प्रभावित करता था। उज्जैन के अलावा अहमदाबाद और राजस्थान में भी आधा दर्जन से अधिक महिलाओं को ठगी का शिकार बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की दो शादियां हो चुकी हैं और उसके दो बच्चे हैं। इसके बावजूद उस पर अहमदाबाद की 19 वर्षीय युवती और पाली में एक ऑटो चालक की पत्नी को भी अपने जाल में फंसाने के आरोप हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये का महंगा सामान भी जब्त किया है। फिलहाल माधव नगर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों तथा ठगी की रकम से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान इस ठगी के नेटवर्क से जुड़े और भी मामलों के सामने आने की उम्मीद है।