उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सुबह शहर में जारी विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का धरातल पर निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले फ्रीगंज क्षेत्र में बन रहे नए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय भवन का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक भवनों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री सीधे सवारी मार्ग स्थित प्रसिद्ध कंठल चौराहा पहुंचे। वहां से उन्होंने सती गेट और गोपाल मंदिर मार्ग तक पैदल भ्रमण कर विकास कार्यों और सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पूरे मार्ग पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। डॉ. यादव ने भी शहरवासियों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उज्जैन के सर्वांगीण विकास और धार्मिक पर्यटन सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।