शहडोल। जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव में लगातार बारिश के बाद बनास नदी का जलस्तर बढ़ गया। नदी उफान पर आने से पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके चलते शहडोल-सीधी मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन बंद कर दिया गया।
बनास नदी पर बना यह पुल शहडोल और सीधी जिले को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से देवलौंद, ब्यौहारी सहित दोनों जिलों के बीच बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। पुल के ऊपर पानी आने की सूचना मिलते ही देवलौंद पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही रोक दी।
मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार और देवलौंद थाना प्रभारी दिलीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए ग्रामीणों को समझाइश दी कि पुल के ऊपर पानी बहने के दौरान किसी भी स्थिति में नदी या पुल को पार करने का प्रयास न करें।
प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जलस्तर बढ़ने के दौरान सावधानी बरतें और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें, ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।