दतिया। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के शुक्रवार सुबह दतिया पहुंचते ही माई कृपा परिसर में समर्थकों का उत्साह देखने को मिला। श्री पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद नरोत्तम मिश्रा अपने निवास माई कृपा पहुंचे। उन्हें देखते ही समर्थकों ने ‘नरोत्तम मिश्रा जिंदाबाद’, ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।
कार्यकर्ताओं की भीड़ इतनी बढ़ गई कि परिसर में काफी देर तक चहल-पहल बनी रही। समर्थक नरोत्तम मिश्रा से मिलने, हाथ मिलाने और फोटो लेने के लिए उनके आसपास जुट गए। मिश्रा ने भी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान दतिया जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह भी नरोत्तम के साथ नजर आए। बता दें कि नरोत्तम मिश्रा उपचुनाव के बाद पहली बार दतिया पहुंचे हैं।
इशारा किया तो भाजपा जिंदाबाद के नारे
समर्थकों की लगातार नारेबाजी के बीच नरोत्तम मिश्रा ने हाथ के इशारे से उन्हें शांत रहने के लिए कहा। इसके बाद ‘शेर आया-शेर आया’ के नारे थम गए, लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। समर्थकों ने ‘भाजपा जिंदाबाद’ और ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।
माई कृपा परिसर कुछ देर तक भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में लग रहे नारों से गूंजता रहा। नरोत्तम मिश्रा इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच मौजूद रहे और सभी का अभिवादन करते रहे।
पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद पहुंचे माई कृपा
नरोत्तम मिश्रा का दतिया दौरा पहले से निर्धारित था। शुक्रवार सुबह उन्होंने श्री पीतांबरा पीठ पहुंचकर माई के दर्शन किए। इसके बाद वह माई कृपा पहुंचे, जहां समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता पहले से उनका इंतजार कर रहे थे।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका दतिया दौरा राजनीतिक नहीं, बल्कि धार्मिक यात्रा का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि डबरा में उनकी बहन के यहां धार्मिक आयोजन है, जिसमें शामिल होने के लिए उन्हें जाना है। इसी दौरान दतिया पहुंचकर उन्होंने माई का आशीर्वाद लिया।
दिल्ली यात्रा के सवाल पर भी नहीं बोले
मीडिया ने जब नरोत्तम मिश्रा से राजनीतिक गतिविधियों और उनकी दिल्ली यात्रा को लेकर सवाल किया तो उन्होंने विस्तार से जवाब नहीं दिया। कार्यकर्ताओं की ओर से मिल रहे समर्थन को लेकर उन्होंने इतना कहा कि सभी माई के भक्त हैं।
जिला कार्यकारिणी भंग किए जाने को लेकर सवाल किया तो नरोत्तम मिश्रा ने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने माइक को अपने से दूर कर दिया और इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने से बचते रहे।
करीब आधे घंटे तक माई कृपा में कार्यकर्ताओं के बीच रहने के बाद नरोत्तम मिश्रा डबरा के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने कोई राजनीतिक भाषण नहीं दिया और न ही उपचुनाव में भाजपा की हार को लेकर टिप्पणी की।