इंदौर। वार्ड 75 स्थित भावना नगर-पालदा नाका क्षेत्र में सड़क की बदहाली से परेशान पार्षद और रहवासियों ने नगर निगम के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज पार्षद कुणाल सोलंकी रहवासियों के साथ सड़क पर जमा कीचड़ में ही बैठ गए और धरना दिया। उन्होंने जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की।
रहवासियों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से खराब है। बारिश होते ही पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। इससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
चार साल पहले शुरू हुआ था काम, अब तक अधूरा
पार्षद कुणाल सोलंकी ने कहा कि जब तक सड़क की समस्या का निराकरण नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर और एडिशनल कमिश्नर से मुलाकात कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि सड़क का काम करीब चार साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। यह सड़क वार्ड 75 और 77 के बीच आती है। अधूरे निर्माण के कारण आसपास के रहवासियों को लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही है।
बारिश में गड्ढों और कीचड़ से बढ़ी परेशानी
बारिश के दौरान इंदौर के कई इलाकों में खराब और अधूरी सड़कों के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने और कीचड़ होने से वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। रहवासी कई स्थानों पर सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग कर चुके हैं।