नीमच। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदासजी की 650वीं जयंती के अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के समन्वय से आयोजित ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथयात्रा’ का गुरुवार को कलेक्टोरेट परिसर से शुभारंभ हुआ।
विधायक जावद ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक नीमच दिलीप सिंह परिहार, विधायक मनासा अनिरुद्ध (माधव) मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर कलश रथयात्रा को जिले के भ्रमण के लिए रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं संत रविदासजी के अनुयायियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रथयात्रा के शुभारंभ अवसर पर उपस्थितजनों ने संत शिरोमणि श्री रविदासजी के जयकारे लगाए। जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश एवं संत रविदासजी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद अतिथियों द्वारा संतों का पुष्पहार एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
282 गांवों तक पहुंचेगा समरसता का संदेश-
कलश रथयात्रा जिले के लगभग 282 ग्रामों का भ्रमण करेगी। इस दौरान संत रविदासजी के समरसता, सामाजिक सद्भाव एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जिले में भ्रमण पूरा करने के बाद रथयात्रा 10 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय नीमच पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
कार्यक्रम में हेमंत हरित, महेंद्र भटनागर, धनसिंह कैथवास, रतनलाल मालावत, रवि गोयल, किरण शर्मा, हेमलता धाकड़ सहित बड़ी संख्या में संत रविदासजी के अनुयायी, गणमान्य नागरिक तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।