कटनी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पच्चीसिया को तत्काल सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कटनी स्थित सीएसपी कार्यालय भी सीज कर दिया गया है।
सीएम ऑफिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इसकी जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों में लापरवाही, दबाव या पद का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जानकारी के मुताबिक, सीएसपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर कार्यालय को सीज किया गया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई का उद्देश्य कंहवारा जमीन सौदे से जुड़ी केस डायरी, कार्यालय के रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखना है, ताकि जांच प्रभावित न हो। निलंबन के साथ ही गृह विभाग ने विभागीय जांच और एसआईटी जांच की प्रक्रिया भी तेज कर दी है।
मामला हत्या के नामजद आरोपी रमेश लोधी की कंहवारा स्थित जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि जमीन पर दबाव बनाकर उसे कम कीमत में दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर कराया गया।
जांच के मुताबिक, जमीन का गाइड लाइन मूल्य 82.86 लाख रुपए था, लेकिन इसकी रजिस्ट्री 18.20 लाख रुपए में मारूफ अहमद हनफी के नाम कराई गई। पुलिस जांच में मारूफ को इस सौदे में फ्रंटमैन बताए जाने की बात सामने आई है।
जांच में यह भी सामने आया कि जमीन की रकम में सीएसपी के करीबी बताए जा रहे क्षितिज राज बारापात्रे के खातों से फंडिंग की गई थी।