देवास। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रजत पाल सिंह शुक्रवार को विधायक निवास पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक गायत्री राजे पवार एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव से आशीर्वाद लिया। इस दौरान विधायक एवं जिला अध्यक्ष सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया।
विधायक गायत्री राजे पवार ने रजत पाल सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि मां चामुंडा एवं तुलजा भवानी के आशीर्वाद से उनका कार्यकाल सर्वश्रेष्ठ रहे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। रजत पाल सिंह के नेतृत्व में जिले के सभी 25 मंडलों के अध्यक्ष एवं पूरी कार्यकारिणी मिलकर संगठन को मजबूत करने का कार्य करेगी। उनके नेतृत्व में एक बेहतरीन युवा टीम का गठन किया जाएगा।
नवनियुक्त भाजयुमो जिला अध्यक्ष रजत पाल सिंह ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने एक छोटे कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। वे संगठन के विचारों एवं भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ ही युवा मोर्चा की मजबूत टीम तैयार करेंगे।
उन्होंने कहा कि विधायक गायत्री राजे पवार एवं जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव के मार्गदर्शन में युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें सक्रिय भूमिका के लिए तैयार किया जाएगा। आने वाले समय में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी और युवा मोर्चा पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करने का कार्य करेगा।
देवास से ब्यूरो चीफ अभिषेक सोनी कि रिपोर्ट