खरगोन। परीक्षा परिणाम में देरी, समय से परीक्षा नही होने जैसी समस्या से जूझ रहे नर्सिंग कॉलेज छात्रों का आंदोलन अब तेज होने लगा है। बिस्टान नाके पर पिछले 6 दिनों से धरनारत छात्र शासन, प्रशासन से कोई राहत नही मिलने से नाराज होकर शुक्रवार को सांसद कार्यालय का घेराव किया। घेराव करने पहुंचे छात्रों को पुलिस ने एसडीएम कार्यालय के समीप बेरिकेड्स लगाकर रोकने का प्रयास भी किया लेकिन छात्रों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध दर्ज कराते हुए बेरिकेड्स तोड़ दिए और दौड़ लगाकर सांसद कार्यालय पहुंचे गए।
विद्यार्थियों ने बताया कि लंबे समय से परीक्षा परिणाम लंबित हैं, छात्रवृत्ति अटकी हुई है तथा कई विद्यार्थियों का डाटा पोर्टल पर ट्रांसफर नहीं हुआ है। पासआउट विद्यार्थियों के पंजीयन और नर्सिंग काउंसिल में लंबित मामलों के कारण भी उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।
विद्यार्थियों ने जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग के लंबित परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने, छात्रवृत्ति बहाल करने, डाटा ट्रांसफर एवं पंजीयन की प्रक्रिया पूरी करने तथा आगामी परीक्षाओं के लिए समय-सारिणी जारी करने की मांग की। साथ ही नर्सिंग काउंसिल में योग्य नर्सिंग अधिकारी की नियुक्ति, लंबित मामलों की उच्चस्तरीय जांच और नर्सिंग एवं पैरामेडिकल शिक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित करने की मांग भी रखी। विद्यार्थियों का कहना है कि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।