नीमच। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सामाजिक समरसता के वातावरण में मनाने तथा जिले में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास सहित अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में मिलाद-उन-नबी, जनजातीय गौरव दिवस, जन्माष्टमी, गोगा नवमी, गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी, गणेश विसर्जन, नवरात्रि, महाअष्टमी, विजयादशमी, महर्षि वाल्मीकि जयंती, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं क्रिसमस सहित आगामी त्योहारों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। समिति सदस्यों से भी विभिन्न विषयों पर सुझाव लिए गए।
त्योहारों से पहले शहर की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने नगर पालिका अधिकारियों को प्रमुख मार्गों एवं आयोजन स्थलों पर सफाई व्यवस्था बेहतर करने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार डामरीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने तथा खराब लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा। कलेक्टर ने नगर पालिका एवं विद्युत मंडल के अधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति, कनेक्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने तथा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नीचे लटक रहे विद्युत और टेलीफोन के तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लगाए जाने वाले पंडाल निर्धारित अनुमति के बाद ही लगाए जाएं। अस्पतालों में भर्ती मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए अस्पतालों से कम से कम 200 मीटर की दूरी पर पंडाल स्थापित किए जाएं।
जुलूस और आयोजनों में अनुमति की शर्तों का पालन जरूरी-
एसपी राजेश व्यास ने शांति समिति सदस्यों से आयोजन स्थलों पर सक्रिय रूप से उपस्थित रहकर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजनों में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलूस एवं अखाड़ों के आयोजन में निर्धारित समय-सीमा और अनुमति की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। आयोजकों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक नियुक्त करने तथा उनकी सूची पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा गया।
डीजे की तेज आवाज से बचें, सोशल मीडिया पर बरतें सावधानी-
एसपी ने डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक तेज आवाज से बुजुर्गों, बच्चों एवं मरीजों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया पर भी सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि बिना पुष्टि के किसी संदेश को फॉरवर्ड न करें तथा आपत्तिजनक फोटो, वीडियो या संदेश साझा करने से बचें। उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। आयोजकों से कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी कराने एवं संबंधित स्तर से लिखित अनुमति लेने को भी कहा गया।
निर्धारित स्थलों पर ही करें मूर्ति विसर्जन-
बैठक में नागरिकों एवं आयोजकों से मूर्ति विसर्जन निर्धारित स्थलों पर ही करने तथा विसर्जन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने सभी समुदायों से आपसी समन्वय, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया। उन्होंने शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में शांति समिति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम पराग जैन, एसडीएम मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी शहरी विकास मयूरी जोक सहित जिला अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में महेंद्र भटनागर, हेमंत हरित, निलेश पाटीदार, मोहन राणावत, किरण शर्मा, हेमलता धाकड़, रतन मालावत, मधु बंसल, रघुराज सिंह चौरडिया, धारासिंह, ब्रजेश मित्तल, जम्बू कुमार जैन, हारून रशीद, साबिर मसुदी सहित अन्य सदस्यों ने सुझाव दिए और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।