नीमच। शहर में सीएम राइज स्कूल के निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया। खेल प्रेमियों से चर्चा एवं समझाइश के बाद सहमति बनने पर स्कूल निर्माण का रास्ता साफ हो गया। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य शुरू होने पर फोर जीरो चौराहे पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जताई और मिठाई बांटी। इस दौरान पालक संघ की ओर से भी विधायक परिहार का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक परिहार ने कहा कि करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय का सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में करीब ढाई हजार विद्यार्थियों को आधुनिक एवं निःशुल्क शिक्षा के साथ बस, ड्रेस, भोजन और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में बास्केटबॉल, हॉकी सहित अन्य खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, प्रमुख सचिव डॉ. संजय गोयल एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
विधायक परिहार ने स्कूल निर्माण को लेकर विरोध करने वालों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन पर कई तरह के आरोप लगाए गए, लेकिन यदि किसी के पास आरोपों से संबंधित प्रमाण हैं तो वे सामने लाएं। उन्होंने कहा कि वे जनता के सेवक हैं और नीमच के विकास का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
विवाद समाप्त होने के बाद अब स्कूल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से चर्चा में रहे इस मामले के सुलझने के बाद समर्थकों एवं पालक संघ ने खुशी जताई।