नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जावद विकासखंड की सिंगोली तहसील के ग्राम झांतला में तीसरा समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों में समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के और करीब लाना तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा और आगामी शिविर में पिछले शिविर की शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का प्रभावी माध्यम बन रहा है। अभियान के तहत 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में ग्रामीणों ने बालाजी मंदिर परिसर में खुले ट्रांसफार्मर, बस स्टैंड पर जाम, बसों के गांव के अंदर नहीं आने, सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं सड़क संबंधी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर एसपी राजेश व्यास, वनमंडलाधिकारी एस.के. अटोदे सहित अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं एवं जनसुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। शिविर के बाद विधायक एवं अधिकारियों ने एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को पोषण संबंधी न्यूट्री बास्केट वितरित की। कार्यक्रम में रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम संजीव साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।