नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत झांतला में पशुपालक संजय कुमार पिता ओंकारलाल की डेयरी प्लस इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने डेयरी की व्यवस्थाओं, दुग्ध उत्पादन और पशुपालक की आय की जानकारी ली।
पशुपालक संजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के तहत 2 लाख 95 हजार रुपये का ऋण लेकर उन्होंने डेयरी व्यवसाय शुरू किया, जिसमें 1 लाख 47 हजार 500 रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। वर्तमान में उनके पास मुर्रा नस्ल की दो भैंसें हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 16 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। दूध विक्रय से उन्हें प्रतिमाह लगभग 12 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
सीईओ वैष्णव ने पशुओं के रखरखाव, चारा व्यवस्था एवं दुग्ध उत्पादन की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक पशुपालकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डेयरी व्यवसाय ग्रामीण परिवारों के लिए नियमित आय का बेहतर माध्यम बन सकता है।
इस अवसर पर चारा विकास कार्यक्रम के तहत हितग्राही शंभूलाल पिता प्रभुलाल धाकड़ को मिनी किट भी वितरित की गई। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम संजीव साहू, उप संचालक पशुपालन विभाग ए.आर. धाकड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।