नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने शुक्रवार को जावद विकासखंड की सिंगोली तहसील के ग्राम उमर में स्थापित श्याम ऑयल मिल का निरीक्षण किया। उन्होंने मूंगफली तेल उत्पादन इकाई की गतिविधियों का अवलोकन कर उद्योग की कार्यप्रणाली एवं उत्पादन व्यवस्था की जानकारी ली।
सीईओ ने मूंगफली से तेल निकालने, रिफाइनिंग और पैकेजिंग की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इकाई संचालक राधा बाई पति श्यामलाल राठौर ने बताया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत उन्हें 6.93 लाख रुपये का ऋण तथा 3.46 लाख रुपये का अनुदान मिला, जिससे उन्होंने तेल उत्पादन इकाई स्थापित की।
राधाबाई ने बताया कि तेल उत्पादन के साथ मूंगफली की खल से पशु आहार भी तैयार किया जाता है। इससे उन्हें प्रतिमाह करीब 30 से 35 हजार रुपये की शुद्ध आय हो रही है तथा इकाई के माध्यम से दो लोगों को रोजगार भी मिला है।
निरीक्षण के दौरान एडीएम बीएस कलेश, एसडीएम संजीव साहू, उपसंचालक उद्यानिकी पीएस कनेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।