नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने शुक्रवार को जावद तहसील के ग्राम पंचायत किशनपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ वैष्णव एवं एडीएम बीएस कलेश ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप वितरण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सीईओ ने आंगनवाड़ी केंद्र में कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन, नियमित टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी ली। उन्होंने टेक होम राशन के सैंपल का भी निरीक्षण किया और निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता के अनुरूप राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजीव साहू, जिला परियोजना अधिकारी राजेश गुप्ता, परियोजना अधिकारी सीमा सोलंकी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।