नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव एवं अपर कलेक्टर बीएस कलेश ने शुक्रवार को जावद विकासखंड की सिंगोली तहसील के ग्राम किशनपुरा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ वैष्णव ने विद्यार्थियों को बोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर उनकी विषयगत समझ एवं शैक्षणिक दक्षता परखी। प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर अपेक्षानुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
सीईओ ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने विद्यालय में संचालित गतिविधि-आधारित शिक्षण का अवलोकन किया तथा शिक्षकों को ऐसी शिक्षण पद्धतियों को और प्रभावी ढंग से अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षाओं में विद्यार्थियों के साथ बैठकर अध्यापन कार्य भी देखा और पढ़ाई में बच्चों की सहभागिता की सराहना की।
विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था एवं उपलब्ध बेंचों की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजीव साहू, जिला परियोजना समन्वयक दिलीप व्यास सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ उपस्थित रहा।