नीमच। जिले में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश भोपाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश तथा अपर कलेक्टर एवं जिला अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के निराकरण के लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने तिलक मार्ग स्थित गोपी मिष्ठान भंडार का आकस्मिक निरीक्षण किया। टीम ने गुलाब पाक, गुलाब जामुन, मावा बर्फी, मलाई बर्फी, बेसन लड्डू एवं अंजीर बर्फी के एक-एक नमूने सहित कुल 6 नमूने जांच के लिए लिए। नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा तथा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, 19 अगस्त को मनासा के कोर्ट रोड स्थित सोमानी ट्रेडर्स से शिवाय रुद्रांश ब्रांड के घी के 4 नमूने लिए गए। मिलावट की आशंका के चलते करीब 152 लीटर घी का स्टॉक जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 52 हजार रुपये बताई गई है। यह घी 340 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचा जा रहा था। जांच रिपोर्ट आने तक घी का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा विभिन्न डेयरियों एवं ढाबों से पनीर, मावा, दही, छाछ एवं घी के नमूने भी लिए गए। विभाग के अनुसार तीन दिनों में कुल 21 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों तथा एनालॉग पनीर एवं नॉन-डेयरी उत्पादों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी, श्री यशवंत कुमार शर्मा एवं टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।