शाजापुर। सुंदरसी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और लगातार हो रही चोरियों के शक को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित जहीर अली ने 6 से 7 लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल जहीर का इलाज शाजापुर जिला अस्पताल में चल रहा है।
जिला अस्पताल में भर्ती जहीर अली ने बताया कि पिछले करीब तीन वर्षों से उसके घर से सोयाबीन, मवेशी, फसल और दरवाजे-खिड़कियों सहित सामान चोरी हो रहा है। उसने गांव के ही शराफत अली और नजर अली पर चोरी में शामिल होने का शक जताया है। करीब डेढ़ महीने पहले घर के दरवाजे चोरी होने की शिकायत भी सुंदरसी थाने में दर्ज कराई गई थी।
जहीर के अनुसार, गुरुवार रात वह सुंदरसी बस स्टैंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान शराफत अली, नजर अली और उनके 4-5 अन्य साथियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर सभी ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में जहीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार सुबह सुंदरसी थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और जहीर के बयान दर्ज किए।
पुलिस के अनुसार, हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज और पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। लगातार हो रही चोरी और इसके बाद मारपीट की घटना से गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।