रतलाम। त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों की मिलावट की आशंका के चलते खाद्य एवं औषधि विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले के जावरा में मावा में मिलावट की शंका के आधार पर मिठाई दुकानों से 100 किलो मावा जब्त किया है। जिसकी अनुमानित कीमत 26 हजार रुपए है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन रतलाम द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए जावरा में खाद्य प्रतिष्ठानों की आकस्मिक जांच की। महावीर मावा भंडार, खाचरौद नाका जावरा पर टीम पहुंची। यहां से मावा में मिलावट की शंका के चलते मावा के सैंपल लिए। यहां से 100 किलो मावा को जब्त किया।
साफ-सफाई रखने को कहा
खाद्य विभाग के अमले ने राजस्थान स्वीट्स एंड नमकीन, कोठी बाजार जावरा से प्रोपराइटर भवानी सिंह पिता गोवर्धन सिंह राजपुरोहित की दुकान से कलाकंद एवं सेव नमकीन के सैंपल लिए गए। संचालक को खाद्य लाइसेंस प्रमुखता से लगाने को कहा। साथ साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल चार खाद्य सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।