रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने शुक्रवार को पिपलौदा स्थित जिला दिव्यांग छात्रावास का निरीक्षण किया। वर्तमान में छात्रावास डायट प्रशिक्षण संस्थान के भवन में संचालित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से संवाद कर छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
2.50 करोड़ की लागत से बनेगा नया भवन-
कलेक्टर कटेसरिया ने वर्तमान भवन में सीलन सहित अन्य समस्याओं को देखते हुए दिव्यांग बच्चों के लिए बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि छात्रावास के लिए नया भवन स्वीकृत हो चुका है, जिसका निर्माण वर्तमान परिसर में ही करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
उन्होंने RES विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा अगली बारिश से पहले नए भवन में छात्रावास का संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वर्तमान छात्रावास के कक्षों, वार्डन कक्ष, किचन एवं भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
बच्चों के साथ जमीन पर बैठे कलेक्टर-विधायक-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं विधायक बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर संवाद करते नजर आए। बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग देखकर दोनों ने उनकी प्रतिभा की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने इशारों एवं संकेतों के माध्यम से अपना नाम और मोबाइल नंबर भी बताया।
कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने छात्रावास में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराने की बात कही।
विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने स्वेच्छानुदान मद से छात्रावास में निवासरत बच्चों के लिए टीवी, कपड़े, गद्दे, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई है। वर्तमान में छात्रावास में करीब 50 बच्चे निवासरत हैं। निरीक्षण के दौरान विधायक ने परिसर में पौधारोपण भी किया।
रतलाम मेडिकल कॉलेज में बेरा टेस्ट की सुविधा का सुझाव-
निरीक्षण के दौरान सहायक जिला परियोजना समन्वयक मदन धमानिया ने बताया कि जिले के श्रवण बाधित बच्चों के बेरा टेस्ट के लिए वर्तमान में मेडिकल बोर्ड द्वारा एम.वाय. हॉस्पिटल, इंदौर रेफर किया जाता है। उन्होंने रतलाम मेडिकल कॉलेज में ही यह जांच सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, ताकि बच्चों और उनके परिजनों को इंदौर नहीं जाना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, जावरा एसडीएम रचना शर्मा, तहसीलदार पिंकी साठे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।