चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगरार थाना पुलिस एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 30.620 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह एवं वृत्ताधिकारी गंगरार उदय सिंह के मार्गदर्शन तथा थानाधिकारी तुलसीराम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंगरार हाईवे रोड स्थित यूवीसी होटल के पास दो संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर खड़े हैं, जिनके पास अवैध मादक पदार्थ होने की संभावना है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया और नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी सेम पुत्र राजू मसीह (28 वर्ष), निवासी राया बाबा बकाला, जिला अमृतसर (पंजाब) के पास मिले पिठ्ठू बैग से तथा बग्गा पुत्र राजू (37 वर्ष), निवासी जीटी रोड, श्रीगंज वार्ड नंबर-11, थाना सिटी जगराओं, जिला लुधियाना (पंजाब) के पास मिले ट्रॉली बैग एवं प्लास्टिक कट्टे से अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 30.620 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा जब्त किया। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराई गई।
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम
थाना गंगरार टीम-
थानाधिकारी तुलसीराम, कांस्टेबल रोहिताश, सोनाराम, दिनेश एवं भैरूलाल।
डीएसटी टीम-
हैडकांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, अमित कुमार, अजय कुमार, बलराम, मनोज कुमार एवं प्रीतम।