चित्तौड़गढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी ने आगामी नगर परिषद चित्तौड़गढ़ चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने नगर परिषद के सभी वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अहसान पठान ने बताया कि इच्छुक प्रत्याशी जिला कांग्रेस कार्यालय में विधानसभा प्रभारी नरेंद्र सिंह गुढ़ा एवं जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया को अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं। विधानसभा प्रभारी नरेंद्र सिंह गुढ़ा दो दिनों तक प्रत्याशियों से मुलाकात कर आवेदन प्राप्त करेंगे। इस दौरान शहर के ब्लॉक अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।
23 अगस्त 2026, रविवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक सेंट्रल जोन और हेरिटेज जोन मंडल के वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों के आवेदन लिए जाएंगे। वहीं 24 अगस्त, सोमवार को साउथ जोन और चंदेरिया मंडल के वार्डों के प्रत्याशियों से आवेदन लिए जाएंगे।
इसके अलावा जो इच्छुक प्रत्याशी निर्धारित दिनों में आवेदन नहीं कर पाएंगे, वे 25 अगस्त, मंगलवार को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर विधानसभा प्रभारी नरेंद्र सिंह गुढ़ा को अपना आवेदन दे सकेंगे।