नीमच। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए नीमच यातायात पुलिस ने फल मंडी और सब्जी मंडी में विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी यातायात मलखान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंडी क्षेत्र में पहुंचकर हाथ ठेला संचालकों और फल-सब्जी विक्रेताओं को समझाइश दी।
पुलिस टीम ने दुकानदारों से फल और सब्जी की दुकानें सड़क पर इस तरह लगाने को कहा कि आम लोगों के आवागमन में किसी तरह की बाधा न हो। हाथ ठेला संचालकों को भी अपने ठेले व्यवस्थित स्थान पर लगाने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि त्योहारों के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिससे जाम की स्थिति बनने की संभावना रहती है। इसी को देखते हुए मंडी क्षेत्र में दुकानों और ठेलों को व्यवस्थित कराया गया, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
पुलिस की ओर से दुकानदारों और हाथ ठेला संचालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी।