निंबाहेड़ा। श्री निंबाहेड़ा नरेश मंदिर मंडल एवं चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में निंबाहेड़ा में प्रस्तावित श्री नरेश बाबा खाटू श्याम मंदिर का नींव पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं धार्मिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जेके सीमेंट के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जेके सीमेंट के टेक्निकल हेड राजेश सोनी, कमर्शियल हेड मनोज सोनी एवं एचआर हेड प्रभाकर मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मंदिर का नींव पूजन कार्यक्रम वसुंधरा विहार स्थित राईवाल कृषि फार्म, चित्तौड़गढ़ फोरलेन पर आयोजित किया गया। मंदिर निर्माण के लिए राईवाल परिवार द्वारा 15 हजार वर्गफीट से अधिक भूमि भेंट की गई है।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ नींव पूजन-
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ के आचार्य अनिल शर्मा ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। वहीं मल्हारगढ़ स्थित खाटू श्याम मंदिर के प्रधान पुजारी आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में अतिथियों एवं राईवाल परिवार के सदस्यों ने विधिवत नींव पूजन किया।
इस अवसर पर अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी एवं ऊपरना पहनाकर स्वागत किया गया। धार्मिक आयोजन को लेकर श्यामप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्यामप्रेमी, धर्मप्रेमी श्रद्धालु एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर मंडल एवं चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बंशीलाल राईवाल ने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी धर्मप्रेमियों, श्यामप्रेमियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का सपरिवार सहभागिता के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।