शाजापुर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत कलेक्टर ऋजु बाफना ने जनपद पंचायत शाजापुर क्षेत्र के ग्राम आला उमरोद का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थाओं, योजनाओं एवं गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार एवं योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश
कलेक्टर ने ग्राम आला उमरोद स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में संचालित ईसीसीई गतिविधियों, पोषण आहार वितरण एवं बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा गतिविधि आधारित शिक्षण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
स्कूल में साफ-सफाई और एफएलएन गतिविधियों पर जोर
कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय आला उमरोद का निरीक्षण कर शौचालय, साफ-सफाई एवं विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल परिसर में शराब का सेवन करने वालों तथा नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कक्षा 1, 2 एवं 3 के बच्चों से संवाद करते हुए ‘जादुई पिटारा’ के खिलौनों के माध्यम से गतिविधियां कराईं। कलेक्टर ने शिक्षक एवं जनशिक्षक को नियमित रूप से एफएलएन गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षाओं में आवश्यक प्रकाश व्यवस्था के लिए ट्यूब लाइट लगाने को कहा।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण-
कलेक्टर बाफना ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर आला उमरोद का निरीक्षण करते हुए दवा वितरण केंद्र, एएनसी वार्ड, लेबर रूम, स्टोर एवं विभिन्न रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता एवं उनकी एक्सपायरी डेट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एएनसी एवं एचआर से संबंधित ऑनलाइन प्रविष्टियां समय पर करने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित किया जा सके।
अतिक्रमण नहीं हटाने पर पटवारी को कारण बताओ नोटिस
आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर से अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पटवारी पूजा टेलर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र परिसर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं अनुविभागीय अधिकारी मनीषा वास्कले, जनपद पंचायत सीईओ जितेंद्र सेंगर, अतिरिक्त तहसीलदार जितेंद्र चौरसिया तथा ग्राम पंचायत सरपंच अरविंद चौहान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।